पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले प्राथमिक विद्यालय गांगेपुर की बदहाल स्थिति ने नौनिहालों की सुरक्षा और सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय की दीवार जर्जर होकर क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जबकि परिसर में जलभराव, खराब शौचालय, पेयजल की समस्या के साथ कई महीनों से बिजली भी नहीं है। ऐसे में मासूम बच्चे गर्मी और अव्यवस्थाओं के बीच पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
प्राथमिक विद्यालय की जर्जर दीवार कभी भी गिर सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो दीवार गिरने से बच्चों के साथ गंभीर हादसा हो सकता है। विद्यालय परिसर के चारों तरफ पानी भरा रहने से बच्चों को आने-जाने में भी परेशानी होती है। पानी में फिसलने के कारण कई बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। सबसे गंभीर स्थिति बिजली व्यवस्था की है। विद्यालय का शौचालय भी क्षतिग्रस्त पड़ा है। शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को मजबूरी में विद्यालय से बाहर जाना पड़ता है। वहीं विद्यालय की पानी की टंकी खराब होने से बच्चों को स्वच्छ पेयजल भी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।
ग्रामीण सुनील चौहान निवासी हरखपुर ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर विद्यालय की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामसभा के लोग अपने बच्चों की सुरक्षा और भविष्य के लिए धरना देने को मजबूर होंगे।
रिपोर्ट-बबलू राय