कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है-अभिषेक दत्त

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अभिषेक दत्त विशेष रूप से दिल्ली से आजमगढ़ पहुंचे। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अभिषेक दत्त ने कहा कि कांग्रेस का असली बल उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है। उन्होंने कहा कि आगामी 2027 का विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण चुनाव होगा। इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी ताकत के साथ जुटना होगा। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, प्रत्येक बूथ पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करना तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करना हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

श्री दत्त ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों और वोट चोरी के गंभीर सवालों पर चुनाव आयोग की भूमिका चिंताजनक है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मत का समान महत्व है और किसी भी पात्र मतदाता को उसके मताधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाता सूचियों की निगरानी करनी होगी और किसी भी प्रकार की अनियमितता के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी होगी। उन्होंने कहा कि वोट की रक्षा केवल कांग्रेस की लड़ाई नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *