पेशी के दौरान फरार अपराधी 18 साल बाद गिरफ्तार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद की कोतवाली पुलिस ने 18 साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त राकेश पाण्डेय उर्फ राजू (45) पुत्र रामानन्द पाण्डेय, निवासी खुरशु, थाना देवगांव, आजमगढ़ का रहने वाला है। उसके खिलाफ वर्ष 2004 में देवगांव थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में गिरफ्तारी के बाद वह जिला कारागार आजमगढ़ में विचाराधीन बंदी था।
बताया जाता है कि 29 अप्रैल 2008 को न्यायालय में पेशी के दौरान राकेश पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। इसके बाद थाना कोतवाली में उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 504/2008, धारा 223/224 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। काफी समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
बुधवार, 4 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय और उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने प्राइवेट बस अड्डे से दोपहर करीब 2ः30 बजे इनामी अभियुक्त राकेश पाण्डेय उर्फ राजू को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2008 में पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। बाद में वह मुंबई चला गया और वहां किराये के मकान में रहने लगा। दीपावली के त्योहार पर मुंबई से आजमगढ़ आने के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे की बात अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में रखने की बात कही।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *