फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत स्थित मां भवानी मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा का गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। नगर के तीन किशोरों की सड़क दुर्घटना में हुई आकस्मिक मृत्यु के कारण 18 सितंबर को प्रस्तावित भंडारे का कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया। इसके स्थान पर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के बीच खीर का प्रसाद वितरित किया गया।
मां भवानी मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में प्रतिदिन नगर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पहुंच रहे थे। कथा वाचक द्वारा सुनाए गए विभिन्न प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर होते रहे। इसी बीच नगर के तीन किशोरों की सड़क हादसे में मृत्यु की सूचना से पूरे नगर और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शोक को देखते हुए कथा स्थल पर ध्वनि विस्तारक यंत्र बंद कर दिया गया, लेकिन धार्मिक अनुष्ठान खंडित न हो, इसके लिए कथा का कार्यक्रम सादगी के साथ जारी रखा गया। अंतिम दिन वैदिक कार्यक्रम संयोजक विशाल पाण्डेय ने श्रीमद्भागवत कथा के सकुशल संपन्न होने पर सहयोग करने वाले श्रद्धालुओं और नगरवासियों के प्रति आभार जताया।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय