सर्राफा की दुकान से जेवर लेकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने दबोचा

शेयर करे

निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहबरपुर थाना अंतर्गत मंझारी बाजार में गुरुवार को आनंद सेठ की दुकान से गहना लेकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पीछा कर खेत में पकड़ लिया। घटना के बाद बदमाशों के पकड़े जाने का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार को चार बदमाश दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर मंझारी बाजार पहुंचे थे। आरोप है कि आनंद सेठ की दुकान से सोने की चेन लेकर बदमाश मौके से भागने लगे। शोर सुनकर ग्रामीणों ने उनका पीछा शुरू कर दिया। भागते हुए बदमाश पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास पहुंच गए, जहां ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए।
वायरल वीडियो में ग्रामीण एक बदमाश के बैग की तलाशी लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में बैग से तमंचा, पिस्टल, बांका और कारतूस बरामद किए जाने का दावा किया जा रहा है। दूसरे वीडियो में एक बदमाश को ग्रामीणों द्वारा दौड़ाकर खेत में पकड़ते हुए देखा जा रहा है।
शुक्रवार सुबह करीब सात बजे मंझारी बाजार में लोगों ने बताया कि घटना गुरुवार की है। बदमाशों के पकड़े जाने के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ तथा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना में बरामद सामान और आरोपियों के संबंध में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *