अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के खेमकरनपुर गांव में सीसी रोड एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण विधायक डॉ. संग्राम यादव ने गांव की बेटियों से फीता कटवा कर किया।
पूर्वांचल विकास निधि योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत ग्रामसभा खेमकरनपुर में रामप्रीत राम के घर से पुलिया होते हुए श्रीराम के खेत तक नाली एवं सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। इस निर्माण कार्य का लोकार्पण विधायक डॉ. संग्राम यादव की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि कुछ लोग क्षेत्र में आकर केवल भाषण देने का काम करते हैं, जबकि उनकी प्राथमिकता विकास कार्य कराना है। उन्होंने अतरौलिया-मदियापार मार्ग और बूढ़नपुर-शाहपुर-अहरौला मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सड़कों का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया गया है। उन्होंने दावा किया कि इन मार्गों पर आज भी एक भी गड्ढा नहीं है। विधायक ने समदी स्थित महिला महाविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि इस संस्थान के माध्यम से क्षेत्र की बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उन्हें आगे बढ़ने में मदद करने का प्रयास किया गया है। डॉ. संग्राम यादव ने अहरौला-कप्तानगंज मार्ग का उल्लेख करते हुए कहा कि इस सड़क के निर्माण के लिए उन्होंने विधानसभा में भी आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, आवागमन और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम करना है।
इस मौके पर अतरौलिया ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव, अहरौला ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शकील अहमद, अतरौलिया अध्यक्ष सुभाष जायसवाल, महेंद्र यादव, कमलेश यादव, वीरेंद्र यादव, नन्हे यादव, जंग बहादुर यादव, प्रवीण यादव, इरशाद अहमद और राजेंद्र राम आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-संतोष चौबे