कायाकल्प के बाद भी बदहाल है प्राथमिक विद्यालय सुदनीपुर

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षा क्षेत्र फूलपुर के प्राथमिक विद्यालय सुदनीपुर में कायाकल्प योजना के तहत कराए गए कार्यों के बावजूद परिसर की बदहाली दूर नहीं हो सकी है। विद्यालय परिसर में घास-फूस, कीचड़ और जलभराव की समस्या बनी हुई है। ऐसे में पढ़ने के लिए विद्यालय आने वाले नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में उगी घास और जमा पानी के कारण बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
विद्यालय खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर तहसील परिसर के पीछे कैफी रोड के किनारे स्थित है। आसपास भवनों का निर्माण हो चुका है। ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम पंचायत की ओर से कायाकल्प के तहत विद्यालय में बाउंड्रीवाल बनवाई गई है, वहीं विधायक निधि से कक्षों में टाइल्स लगाने के साथ मेज-कुर्सियों की व्यवस्था भी की गई है। इसके बावजूद विद्यालय परिसर में पर्याप्त मिट्टी नहीं डलवाई गई, जिससे बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से परिसर में कीचड़ की स्थिति बनी रहती है।
शौचालय सहित अन्य स्थानों पर उगी घास-फूस के कारण जहरीले जीव-जंतुओं का भय भी बना रहता है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए परिसर का समतलीकरण कराने के साथ जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जानी चाहिए।
इस संबंध में ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि विद्यालय परिसर से पानी निकालने की व्यवस्था की गई है। मौसम ठीक होने पर परिसर में मिट्टी डलवाकर उसे ऊंचा कराया जाएगा, ताकि पानी जमा न हो। जलभराव की समस्या दूर होने के बाद अन्य व्यवस्थाएं भी दुरुस्त करा दी जाएंगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *