उत्पीड़न के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तहसील बार एसोसिएशन लालगंज के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने अधिवक्ताओं के उत्पीड़न और उनकी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा है। उपजिलाधिकारी लालगंज के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पांच प्रमुख मांगें उठाई गई हैं।
ज्ञापन में कहा गया है कि अधिवक्ताओं की आएदिन हत्या तथा उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। अधिवक्ताओं ने सरकार से उनकी सुरक्षा और कल्याण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने मांग की कि अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए, अधिवक्ताओं के लिए पेंशन योजना शुरू की जाए, नए अधिवक्ताओं को स्टाइपेंड दिया जाए, अधिवक्ताओं को टोल टैक्स से छूट प्रदान की जाए तथा सभी अधिवक्ताओं के आयुष्मान कार्ड जारी किए जाएं। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि अधिवक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों को अविलंब पूरा किया जाए, जिससे अधिवक्ताओं को सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा मिल सके।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *