कैलेश्वर धाम में बना पक्षियों का आशियाना

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के प्रसिद्ध कैलेश्वर धाम (कैली) परिसर में गुरुवार को बेजुबान पक्षियों के संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल देखने को मिली। समाजसेवी एवं उद्योगपति अखिलेश सिंह के सौजन्य से नवनिर्मित भव्य ‘पक्षी घर’ (पंछी रैन बसेरा) का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लोकार्पण किया गया। धाम के परम पूज्य संत स्वामी 1008 कांता दास जी महाराज ने विधिवत उद्घाटन कर इसे पक्षियों के संरक्षण और जीव-दया की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।
लोकार्पण समारोह में वक्ताओं ने कहा कि जिस तरह मनुष्य को रहने के लिए घर की आवश्यकता होती है, उसी तरह बेजुबान पक्षियों को भी सुरक्षित आश्रय की जरूरत है। ऐसे में पक्षियों को सर्दी, गर्मी और बरसात से बचाने के उद्देश्य से बनाया गया यह पक्षी घर समाज के लिए प्रेरणादायक है। श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे घरों से चना, गेहूं, चावल और बाजरा लाकर पक्षी घर में डालें तथा नियमित रूप से दाना-पानी की व्यवस्था में सहयोग करें। साथ ही धाम के प्राचीन सरोवर के जीर्णाेद्धार का संकल्प भी लिया गया।
निर्माणकर्ता अखिलेश सिंह ने कहा कि लॉकडाउन के बाद धर्मनगरी सूरत से प्रेरणा लेकर उन्होंने क्षेत्र में पांच पक्षी घर बनवाने का संकल्प लिया था, ताकि लोगों में परमार्थ और जीव-दया की भावना जागृत हो। क्षेत्रवासियों के सहयोग और स्नेह से यह संकल्प साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कैलेश्वर धाम के विकास के लिए भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
नगरवासी विकास कसौधन ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में चार पक्षी रैन बसेरे बनवाना सराहनीय पहल है। समारोह संयोजक एवं प्रमुख सहयोगी अखंड सिंह ने बताया कि महाराज जी के करकमलों से भूमि पूजन के बाद पक्षी भवन का निर्माण पूरा हुआ है। अब यहां दूर-दूर से कबूतर और अन्य पक्षी आकर अपना आशियाना बना रहे हैं।
युवा सामाजिक कार्यकर्ता संदीप पांडेय ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर पक्षियों के लिए आश्रय बनवाना प्रकृति संरक्षण का बड़ा संदेश है।
इस मौके पर दिलीप दास, प्रशांत कुमार सिंह, राजेंद्र सिंह, रामचंद्र जायसवाल, दयानंद शुक्ला, प्रवीण सिंह, धर्मेंद्र निषाद राजू, हर्षित सिंह, जितेंद्र सोनी, शंभूनाथ गुप्ता, डॉ संदीप पांडे, नीरज तिवारी, दीपक सिंह, हिमांशु विनायक टीटू, डॉ शिवशंकर, विकास मद्धेशिया, सूरज अग्रहरि, विकास कसौधन, राहुल अग्रहरि, प्रदीप पांडे, राहुल कसौधन, रजत मद्धेशिया, विपिन कसौधन, लकी सोनी, आकाश सोनी, माधव वर्मा, भोला जायसवाल आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *