निषाद पार्टी का संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन 22 को

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निषाद पार्टी की ओर से आगामी 22 नवंबर को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में संवैधानिक सुरक्षा अधिकार महासम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह ने सभा स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, कार्यकर्ता गांव-गांव जनसंपर्क कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं।
राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को पीजीआई 100 बेड हॉस्पिटल से पदयात्रा और बाइक रैली निकाली जाएगी। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए भोराजपुर खुर्द स्थित कांटा वाली बाग पहुंचेगी, जहां महासम्मेलन का आयोजन होगा। उन्होंने दावा किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
पत्रकारों से बातचीत में प्रशांत कुमार सिंह ने कहा कि महासम्मेलन का उद्देश्य केवल निषाद समाज ही नहीं, बल्कि क्षत्रिय, ब्राह्मण, गोंड, प्रजापति, राजभर सहित सभी आरक्षित और अनारक्षित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना है। पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और किसी के साथ अन्याय न होने देने के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने अतरौलिया क्षेत्र के समुचित विकास को भी सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य बताया।
आगामी विधानसभा चुनाव और गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन में है और भाजपा को बड़े भाई की भूमिका में मानती है। पार्टी प्रदेश के सभी 75 जिलों में संगठन को मजबूत कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जिन विधानसभा सीटों पर पिछले चुनाव में गठबंधन को हार का सामना करना पड़ा और जहां निषाद समाज की निर्णायक भूमिका है, उन सीटों पर पार्टी ने भाजपा से चुनाव लड़ने का अवसर मांगा है, ताकि गठबंधन को जीत दिलाई जा सके। उन्होंने अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र में निषाद समाज की मजबूत भागीदारी का दावा करते हुए 22 नवंबर के महासम्मेलन में सर्वसमाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *