मुठभेड़ में पशु चोर को लगी गोली, गिरफ्तार

शेयर करे

संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना सरायमीर पुलिस ने पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले अन्तर्जनपदीय शातिर पशु चोर को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर चोरी के 4 पशु अवैध तमंचा, कारतूस एवं चोरी में प्रयुक्त परिवर्तित नम्बर प्लेट लगी पिकअप बरामद कर लिया। मौके का फायदा उठाकर एक अभियुक्त फरार होने में कामयाब रहा।
बीते तीन नवम्बर को थाना सरायमीर पर रोहित चौहान पुत्र रामदयाल चौहान निवासी ग्राम नरदह चक नरदह, पोस्ट नन्दाव, थाना सरायमीर द्वारा सूचना दी गई कि एक नवम्बर की रात्रि अज्ञात चोर उनकी भैंस चोरी कर पिकअप वाहन से लेकर फरार हो गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वांछित एवं शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में शनिवार की रात्रि में थाना सरायमीर पुलिस टीम द्वारा रात्रि गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि पिकअप वाहन से पशु चोरी करने वाले दो शातिर अपराधी चोरी के पशुओं को लेकर सिकरौर, मार्टिनगंज होते हुए जौनपुर के मड़ियाहूं पशु बाजार की ओर जाने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा ग्राम नोनारी के पास संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, किन्तु वाहन सवार व्यक्तियों द्वारा बैरियर तोड़कर तेजी से वाहन भगाने का प्रयास किया गया।
पुलिस टीम द्वारा पीछा करते हुए कौरागहनी नहर के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान पिकअप सवार अभियुक्त वाहन को घंगवल मार्ग की ओर मोड़कर भागने लगे, लेकिन पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। वाहन में सवार एक अभियुक्त अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया, जबकि दूसरे अभियुक्त ने पुलिस टीम से घिरता देखकर जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फूलपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय आजमगढ़ रेफर किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिलशाद उर्फ दिलशान पुत्र सगीर उर्फ बादशाह, निवासी ग्राम सोफीगढ़, थाना अहरौला के रूप में हुई।
रिपोर्ट-राहुल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *