अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निषाद पार्टी ने संगठन को मजबूत करने में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभा रहे अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के प्रयागपुर, अहिरौला निवासी अनिल निषाद को प्रदेश सचिव मनोनीत किया है। राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व की ओर से उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपे जाने की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और उन्हें बधाई दी।
अनिल निषाद लंबे समय से पार्टी संगठन में सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2018 से 2022 तक आजमगढ़ जिले में पार्टी जिलाध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने का काम किया। इसके बाद वर्ष 2022 से 2026 तक जिला संयोजक की जिम्मेदारी संभाली। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के बीच मजबूत पकड़ और लगातार सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश सचिव मनोनीत होने पर अनिल निषाद ने पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। संगठन ही उनकी शक्ति है और जनता की सेवा उनका एकमात्र संकल्प है।
अनिल निषाद के प्रदेश सचिव बनाए जाने पर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इसे संगठन में उनकी वर्षों की मेहनत और समर्पण का सम्मान बताया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद