अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रन फॉर यूनिटी के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द्र का संदेश दिया। साथ ही राष्ट्र की एकता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अस्पताल परिसर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अस्पताल परिसर में निकाली गई एकता दौड़ के जरिए लोगों को एकजुटता, शांति और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएमएस डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से 560 से अधिक रियासतों का विलय कर देश को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनकी विचारधारा आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज समान है। बिना किसी भेदभाव के मरीजों की सेवा करना ही सच्ची देशसेवा है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंगकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। संचालन राघव वर्मा ने किया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद