फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के अंबरपुर स्थित वृद्धाश्रम में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला समाज कल्याण अधिकारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर किया।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने वृद्धाश्रम में उपस्थित सभी बुजुर्गों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन परिचय और देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सरदार पटेल के विचारों और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश के अनुपालन में कार्यक्रम के समापन के बाद वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों को भोजन वितरित किया गया। इस दौरान सभी वृद्धजनों ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव