बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने गुरूवार को उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद को मागों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
सौंपे गये ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि बूढ़नपुर बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरुण सिंह सोमवार की दोपहर जिला मुख्यालय से अपने घर हिसामुद्दीनपुर थाना कप्तानगंज जा रहे थे। बीच रास्ते में ही गांव के समीप बाइक सवार युवक ने अधिवक्ता अरुण सिंह को पीट कर घायल कर दिया। अरुण सिंह सड़क किनारे अचेत हालत में पड़े रहे जिनको ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर भेजा गया जहां उनका इलाज किया गया। तत्पश्चात उन्होंने थाना कप्तानगंज में अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस द्वारा अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी। इसे लेकर अधिवक्ताओं ने तहसील में प्रदर्शन किया। साथ ही उपजिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगायी। अध्यक्ष राज कुमार सिंह ने कहा कि हम सभी अधिवक्तासंघ के लोग चेतावनी देते है कि अगर पुलिस द्वारा शिथिलता बरती गई तो विशाल धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। इतना ही नहीं हम न्यायिक कार्य से विरत भी रहेंगे। उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि थाना अध्यक्ष को निर्देशित कर दिया गया है। जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर योगेंद्र यादव, सूर्य प्रकाश यादव, जगत नारायण तिवारी, सुभाष चतुर्वेदी, अजय श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, अनिल गौड़, निर्मल लाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अरविन्द सिंह