सिपाही चला रहे माहुल पुलिस चौकी

शेयर करे

माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहरौला थाने की माहुल पुलिस चौकी यहां के प्रभारी के लगातार अनुपस्थित रहने से सिपाहियों के भरोसे चल रही है जिससे यहाँ आने वाले फरियादियों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
चार माह पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा अहरौला थाने पर तैनात सब इंस्पेक्टर धनराज सिंह को माहुल पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया तभी से आलम यह है कि काम अत्यधिक होने के कारण ये थाने पर ही ज्यादा समय व्यतीत करते है और चौकी पर एक घंटे या दो घंटे के लिए आते हैं। चौकी प्रभारी के मौजूद न रहने के कारण ग्रामीण फरियादियों की छोटी छोटी समस्याओं का निराकरण समय से नहीं हो पा रहा है। यही नहीं सबसे ज्यादा समस्या महिला फरियादियों को है जो ठंड के मौसम में गांव से समस्या के हल के लिए कई बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। चौकी प्रभारी के न रहने के कारण बीट के सिपाही भी कस्बे और गावो में इन दिनों कम ही दिखाई दे रहे हैं।
इस संबंध में भाजपा लालगंज के जिला मंत्री दिलीप सिंह, मंडल महामंत्री हरिकेश गुप्ता आदि का कहना है कि चौकी प्रभारी के न रहने से यहां की पुलिस बेलगाम हो गई है। माहुल जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह की लापरवाही की शिकायत जल्दी ही उच्चाधिकारियों से भाजपा का प्रतिनिधि मंडल करेगा। इस संबंध में क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर गोपाल स्वरूप वाचपेयी का कहना है कि अगर ऐसा है तो सख्ती की जाएगी।
रिपोर्ट-श्यामसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *