नदी में नहाने गए युवक की डूबने से मौत, शव बरामद

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर थाना क्षेत्र में नदी में नहाने गए 36 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। सोमवार सुबह कम्हेनपुर गांव के पास नदी में युवक का शव उतराया मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय 36 वर्ष के रूप में हुई।
झारखंडेय रविवार सुबह अपनी बुलेट बाइक से घर से निकला था। दोपहर में वह चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास पहुंचा, जहां बुलेट खड़ी करने के बाद कपड़े उतारकर नदी में नहाने चला गया। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसकी तलाश में जुट गए। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चला। रात करीब 10 बजे चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास उसकी बुलेट बाइक खड़ी मिली और पास में कपड़े भी पड़े थे। इससे परिजनों को नदी में डूबने की आशंका हुई। ग्रामीणों और परिजनों ने देर रात तक नदी और आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह कम्हेनपुर गांव के पास नदी में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पानी में उतराता देखा। सूचना पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *