आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद व वरिष्ठ नेता नन्द किशोर यादव ने डिम्पल यादव की जीत पर कार्यकर्ताओं को मिठाईयां खिलाकर खुशी का इजहार किया।
भाजपा को निशाने पर लेते हुए सपा नेता नन्द किशोर यादव ने कहा कि जिस तरह भारतीय जनता पार्टी की योगी सरकार द्वारा चुनाव को प्रभावित करने के लिए उत्पीड़न का रवैया अपनाया गया, जनता ने ठीक उसी तरह उनको वोट के माध्यम से तगड़ा जवाब भी दिया और यह साबित कर दिया कि उनके उत्पीड़न के आगे हम झुकने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में एक तरफ भारतीय जनता पार्टी, सरकार और प्रशासन के लोग थे तो दूसरी तरफ लोकतांत्रिक जनता। अन्ततः जीत लोकतांत्रित जनता की हुई। उन्होंने मैनपुरी, रामपुर और खतौली की जनता को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह चुनाव दूरगामी परिणाम देगा और 2024 के चुनाव में ऐतिहासिक भूमिका निभाने का काम करेगा। इस मौके पर लालू यादव, प्रदीप कुमार, कैलाश चन्द यादव, उमेश यादव, भोला यादव, राजेश गिरी, कमलेश आर्य, गुड्डी देवी, अनीता सरोज, सपना निषाद आदि उपस्थित रहे।
फूलपुर संवाददाता के अनुसार उत्तर प्रदेश के लोकसभा क्षेत्र मैनपुरी से राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की जीत से सपाजनो में हर्ष का माहौल है। पूर्व विधायक श्याम बहादुर यादव के आवास पर पटाखों की आवाज गूंजने लगी तो कहीं अखिलेश यादव जिंदाबाद, डिंपल यादव जिंदाबाद के नारों ने माहौल गुंजायमान हो गया। इस दौरान सपाइयों ने जमकर नारे लगाए। श्याम बहादुर यादव ने कहा कि यह जीत अगली लोग सभा के चुनाव की दिशा औऱ दशा तय करेगी।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार