नवरात्र के पहले दिन मां भगवती की भक्ति में डूबा जिला

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नवरात्र के पावन पर्व पर जनपद नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक मां भगवती की भक्ति में सराबोर नजर आया। रविवार को शारदीय नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।
नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं ने पहले से ही घरों की साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां शुरू कर दी थीं। रविवार की सुबह स्नान आदि के बाद श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचे और विधि-विधान से मां भगवती की पूजा-अर्चना की। वहीं, घरों में भी कलश स्थापना कर भक्तों ने नवरात्र व्रत का संकल्प लिया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कराई। इसके बाद दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया और मां भगवती की महिमा का गुणगान हुआ।
नगर क्षेत्र के मुख्य चौक स्थित दक्षिणमुखी देवी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। लोगों ने देवी के दर्शन कर सुख समृद्धि की कामना की। मंदिर के आसपास पूजन सामग्री की दुकानें सजी रही। इसी क्रम में शहर के रैदोपुर स्थित दुर्गा मंदिर, कालीचौरा स्थित मंदिर आदि स्थानों पर भी भक्तों की भीड़ रही। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सभी मंदिरों के आसपास पुलिस की चाक चौबंद व्यवस्था नजर आयी।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार सुबह से शुरू हुआ कलश स्थापना का सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। महिला और पुरुष श्रद्धालु व्रत रखकर मां की आराधना में लीन रहे। मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ के साथ भक्ति गीतों की गूंज सुनाई देती रही। नवरात्र को लेकर बाजारों में भी रौनक रही। फल की दुकानों पर केला, सेब और नारियल की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। नगर की प्रमुख बाजारों से लेकर चट्टी-चौराहों तक फल की दुकानें सजी रहीं। पर्व के उत्साह के बीच क्षेत्र में चारों ओर धार्मिक माहौल बना रहा और मां भगवती के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *