आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी 29 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली सब-जूनियर स्टेट बैडमिंटन चौंपियनशिप की तैयारियों को लेकर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की बैठक रविवार, संघ के अध्यक्ष डॉ. डी.पी. राय की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में प्रतियोगिता के सफल आयोजन, खेल सुविधाओं, खिलाड़ियों के ठहरने एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतियोगिता में कुल 1,00,000 की पुरस्कार राशि रखी गई है।
अध्यक्ष डॉ. डी.पी. राय ने कहा कि जिला बैडमिंटन एसोसिएशन अपने उत्कृष्ट आयोजनों के माध्यम से प्रदेश में विशिष्ट पहचान बना रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम है कि जिले के खिलाड़ी खेल के क्षेत्र में निरंतर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं तथा सरकारी सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। उन्होंने यूपी पीएसी में चयनित आरुष श्रीवास्तव, नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता के लिए चयनित अंकिता यादव तथा प्रादेशिक स्कूली टीम में चयनित सौम्या सिंह एवं शौर्यमी सिंह को विशेष रूप से बधाई दी।
संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासित, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली की ओर अग्रसर करने का सशक्त माध्यम है। गंभीरता और समर्पण के साथ खेल में आगे बढ़ने वाले खिलाड़ियों को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी मिलता है। बैठक का संचालन प्रतियोगिता संयोजक अजेंद्र राय ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष पुनीत राय, सुनील दत्त विश्वकर्मा, अमित लता सिंह, आशा वर्मा, अंकिता यादव, राकेश सिंह, सत्येंद्र उपाध्याय, ऋतिक सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार