आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर एवं करेत्तर राजस्व तथा विद्युत वितरण खण्डों के राजस्व वसूली की समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिये गये लक्ष्य के सापेक्ष वसूली सुनिश्चित की जाय। उन्होने कहा कि जिन विभागों की राजस्व वसूली लक्ष्य के सापेक्ष कम है, वहां योजना बनाकर वसूली किया जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि नये व्यापारियों एवं नये होटलों का रजिस्ट्रेशन कर जीएसटी वसूली में वृद्धि करना सुनिश्चित करें। परिवहन विभाग की राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि नये वाहनों के रजिस्ट्रेशन में वृद्धि करें, ताकि राजस्व में वृद्धि की जा सके। उन्होने कहा कि ओवर लोडिंग वाहनों का चालान कर राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाय। जिन वाहनों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो, उनकी कुर्की करायें तथा अभियान चलाकर वाहनों को उठवाया जाय एवं राजस्व की वसूली सुनिश्चित की जाय। विद्युत विभाग के विद्युत वितरण खण्डों की राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी जेई, एई एवं एसडीओ की सहायता से अभियान चलाकर बकाया विद्युत बिलों की वसूली कर राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित की जाय। उन्होने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए पुलिस बल की भी मदद ली जाय। बिना किसी प्रभाव में आये बड़े बकायेदारों की विद्युत आपूर्ति को काट दिया जाय।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव