छत के रास्ते घुसे चोर जेवरात व पेटियां लेकर फरार

शेयर करे

फरिहा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के असीलपुर गांव में बुधवार की रात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर घर में दाखिल होने के बाद परिवार के सदस्यों के कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
असीलपुर गांव निवासी शंकर यादव के परिवार के लोग बुधवार रात घर में सो रहे थे। करीब 12 बजे परिवार के लोगों को घर में कुछ आहट सुनाई दी। संदेह होने पर उन्होंने खिड़की से बाहर देखा तो गलियारे में कुछ लोगों के खड़े होने का आभास हुआ। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद मिला।
लीलावती ने कमरे के अंदर से शोर मचाया। आवाज सुनकर बगल के कमरे में सो रहे उनके पुत्र धर्मेंद्र की नींद खुल गई। धर्मेंद्र ने भी दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा बाहर से बंद था। परिवार के अन्य कमरों के दरवाजे भी चोरों ने बाहर से बंद कर दिए थे।
धर्मेंद्र ने किसी तरह दरवाजे की सिटकनी तोड़कर खुद को बाहर निकाला और परिवार के अन्य सदस्यों के कमरों के दरवाजे खोले। इसके बाद घर में खोजबीन की गई तो पता चला कि चोर पेटियां लेकर फरार हो चुके थे। परिवार के लोगों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं मिला। लीलावती पत्नी शंकर के अनुसार चोरी में सोने की अंगूठी, सोने की चेन, एक जोड़ी कान के कनफूल, चांदी की कंगनी चोरी हुए हैं।
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली।
रिपोर्ट-जयहिंद यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *