डिलीवरी के दौरान प्रसूता की मौत से मचा हड़कंप

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत बनकटा बाजार गोसाई स्थित शारदा हॉस्पिटल में सोमवार की रात प्रसव के दौरान एक प्रसूता की मौत का मामला सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डाक्टर पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
रौनापार थाना क्षेत्र के बहावनपुर गांव निवासी मनीता पासवान पत्नी मंटू पासवान को प्रसव के लिए शारदा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार रात प्रसव के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि नवजात बच्चे का उपचार जारी है।
प्रसूता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आक्रोशित परिजनों ने डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
इस संबंध में सीएमओ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल को सोमवार रात ही बंद करा दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर एफआईआर दर्ज कराकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। प्रसूता की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *