पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रौनापार थाना अंतर्गत आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार शाम केशवपुर गांव के पास शारदा सहायक खंड-32 नहर के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में 15 वर्षीय गोलू की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ निवासी गोलू 15 वर्ष अपने साथी करन कुमार 24 वर्ष के साथ लाटघाट से दोहरीघाट जा रहा था। वहीं दूसरी बाइक पर मनीष सिंह 27 वर्ष और सूर्यांशु चौरसिया 28 वर्ष लाटघाट की ओर आ रहे थे। टक्कर में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी को सीएचसी लाटघाट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
गोलू दो भाइयों में सबसे बड़ा था। पिता की बचपन में ही मौत हो जाने के बाद वह दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में हाथ बंटाता था। उसकी दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई हैं। परिवार की उम्मीद बने गोलू की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रिपोर्ट-बबलू राय