अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का छापा, चार गिरफ्तार

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ मेहनाजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग तीन स्थानों पर छापेमारी कर कुल 90 किलो 800 ग्राम अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 5 हजार रुपये बताई गई है।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने मेहनाजपुर कस्बे में सीएचसी अस्पताल के पास स्थित सहयोग डायग्नोस्टिक सेंटर के ऊपर बने कमरे में छापा मारा। अशोक राजभर और अनंत राजभर को गिरफ्तार किया गया। मौके से 34 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। इसके बाद मेहनाजपुर तिराहे के पास घनी आबादी में भगवान की मूर्तियों की आड़ में अस्थायी दुकान लगाकर पटाखों का भंडारण करने के आरोप में राहुल गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उसकी दुकान से 14 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। तीसरी कार्रवाई में सिधौना बाजार में छापेमारी कर भगवान की मूर्तियों की आड़ में अस्थायी दुकान पर पटाखों का भंडारण एवं बिक्री करने के आरोप में दौलत सोनकर को गिरफ्तार किया गया। यहां से 42 किलो 800 ग्राम पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *