अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में जल्द ही हार्माेन जांच की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके लिए अस्पताल में अत्याधुनिक मशीन पहुंच चुकी है। जांच किट उपलब्ध होते ही मरीजों को यह सुविधा मिलने लगेगी। इससे क्षेत्र के लोगों को निजी पैथोलॉजी सेंटरों में महंगे दाम पर जांच कराने और बड़े शहरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बताया कि अस्पताल में अब तक हार्माेन जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इस समस्या को देखते हुए शासन स्तर पर मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई थी। इसके बाद अस्पताल को मशीन मिल गई है। अब जांच किट आने का इंतजार है। किट उपलब्ध होते ही जांच शुरू करा दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि हार्माेन संबंधी जांच की सुविधा सरकारी अस्पताल में शुरू होने से मरीजों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। हालांकि, इस सुविधा का लाभ उन्हीं मरीजों को मिलेगा, जिन्हें अस्पताल के चिकित्सक परामर्श के बाद जांच कराने की सलाह देंगे। इसके लिए मरीजों को पहले अस्पताल में चिकित्सक से परामर्श लेना होगा। चिकित्सक की सलाह पर ही जांच की जाएगी और इसका लाभ नियमानुसार निःशुल्क या निर्धारित सरकारी व्यवस्था के तहत मिलेगा।
इनसेट—
दो घंटे में मिल रही टीबी की रिपोर्ट
अतरौलिया (आजमगढ़)। अस्पताल में टीबी की जांच के लिए ट्रूनेट मशीन भी शुरू कर दी गई है। डॉ. सिन्हा के अनुसार, करीब 15 दिन पहले शुरू हुई इस सुविधा से मरीजों को काफी सहूलियत मिल रही है। मशीन के जरिए बलगम के नमूने की जांच कर टीबी की पुष्टि की जाती है। एक बार में दो मरीजों के नमूनों की जांच हो सकती है और रिपोर्ट मात्र दो घंटे में मिल जाती है। उन्होंने बताया कि ट्रूनेट मशीन से टीबी की जांच पूरी तरह निःशुल्क की जा रही है। इससे मरीजों में बीमारी की समय पर पहचान करने और जल्द उपचार शुरू करने में मदद मिल रही है। अस्पताल में हार्माेन जांच की नई सुविधा शुरू होने के साथ ही क्षेत्र के मरीजों को सरकारी स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम बढ़ेगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद