नहर में डूबने से अधेड़ की मौत, परिवार में मचा कोहराम

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पहिया भदेवा गांव निवासी 52 वर्षीय ओमप्रकाश सिंह उर्फ डब्लू की सोमवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबने से मौत हो गई। प्राथमिक विद्यालय भदेवा मझौली के पास नहर में उनका शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की जांच और पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
ओमप्रकाश सिंह पुत्र स्व. शीतला प्रसाद सिंह सोमवार को किसी काम से बाजार गए थे। चाचा अशोक सिंह के मुताबिक, शाम को मदियापार बाजार से घर लौटते समय प्राथमिक विद्यालय भदेवा मझौली के पास वह शौच करते समय नहर में डूब गए। रात करीब 8.30 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान नहर में ओमप्रकाश का शव पड़ा मिला। परिजन उन्हें तत्काल अतरौलिया स्थित 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ओमप्रकाश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी कनकलता, पुत्र प्रशांत सिंह और दो विवाहित पुत्रियां हैं। पति की मौत की खबर सुनकर पत्नी कनकलता का रो-रोकर बुरा हाल है। चाचा अशोक सिंह ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर घटना की जांच कराने और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
थानाध्यक्ष अश्विन कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *