ट्रक की टक्कर से छात्र की मौत, दो घायल

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रामनगर-न्योरी मुख्य मार्ग पर गोहनरपुर के पास सोमवार को ट्रक की टक्कर से बाइक सवार हाईस्कूल छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजने के साथ शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।
अचलीपुर गांव निवासी मुन्ना पांडेय का पुत्र अंकुर पांडेय अतरौलिया स्थित पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में हाईस्कूल का छात्र था। सोमवार को वह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकला था। बताया गया कि वह अपने साथी प्रवेश पांडेय पुत्र संतोष पांडेय निवासी अचलीपुर और आजम अली पुत्र कौशर अली निवासी गोरथानी के साथ स्प्लेंडर बाइक से आलापुर थाना क्षेत्र के लखमीपुर स्थित प्रवेश के ननिहाल जा रहा था।
तीनों जैसे ही गोहनरपुर के पास रामनगर-न्योरी मुख्य मार्ग पर पहुंचे, उनकी बाइक की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकुर पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रवेश पांडेय और आजम अली गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर आलापुर कोतवाली में खड़ा करा दिया है।
अंकुर की मौत की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत से मां मनोजा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मुन्ना पांडेय खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अंकुर दो भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई अंकुश और बड़ी बहन दीक्षा भी पढ़ाई करते हैं। छात्र की मौत से अचलीपुर गांव में मातम पसरा है और ग्रामीणों में शोक की लहर है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *