आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शिक्षा राष्ट्र निर्माण की नींव है और स्वस्थ हृदय उस भविष्य को संवारने की ऊर्जा। इसी प्रेरणा और संकल्प के साथ रोटरी क्लब द्वारा रोटेरियन मुकुंद अग्रवाल के आवास पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल और सचिव रविशंकर प्रजापति के नेतृत्व में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में समाज सेवा, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आर्ट ऑफ लिविंग की सीनियर फैकल्टी टीचर प्रीति रूंगटा का अभिनंदन रहा। उन्हें शिक्षा, व्यक्तित्व विकास और समाज में सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रसार में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक समाज का सच्चा शिल्पकार होता है, जो युवा पीढ़ी को ज्ञान और संस्कारों से सींचता है। वही विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वस्थ हृदय, समृद्ध जीवन की थीम पर एक विशेष स्वास्थ्य परिचर्चा आयोजित की गई। मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व सीएमओ डा. निर्मल श्रीवास्तव और जिला चिकित्सालय के पूर्व एसआईसी डा. एके सिंह ने अपने चिकित्सकीय अनुभव साझा किए। विशेषज्ञों ने बदलते दौर में हृदय रोगों से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि संतुलित आहार, नियमित योग-व्यायाम, तनावमुक्त जीवनशैली और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण बेहद जरूरी हैं। समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए रोटरी क्लब की ओर से दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों को भी सम्मानित किया गया।
क्लब के अध्यक्ष श्रेय अग्रवाल ने कहा, शिक्षक हमारे भविष्य का निर्माण करते हैं और एक स्वस्थ हृदय उस भविष्य को बेहतर ढंग से जीने की शक्ति देता है। शिक्षा और स्वास्थ्य, दोनों ही एक सशक्त एवं उन्नत समाज की सच्ची आधारशिला हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि रोटरी क्लब भविष्य में भी जनहित, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े ऐसे प्रेरणादायक अभियानों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।
इस दौरान असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन चंदन अग्रवाल, जोनल सेक्रेटरी अमर नाथ अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, आशीष गोयल, आनन्द बरनवाल, ऋत्विक जायसवाल, पवन अग्रवाल, अतुल कुमार अग्रवाल, रुचि अग्रवाल, अमिता अग्रवाल, पुष्पा श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार