आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शहर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मोहल्ले में सोमवार को सर्राफा कारोबारी रवि वर्मा का शव उनके घर के कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि रविवार रात खाना खाने के बाद रवि अपने कमरे में सोने चले गए थे। सोमवार सुबह उनके भाई आनंद वर्मा ने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजन परेशान हो गए। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो अंदर रवि का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के मुताबिक रवि चार भाइयों में सबसे छोटे थे और अनवरगंज के पास सराफा की दुकान चलाते थे। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी तरह की आर्थिक या पारिवारिक परेशानी नहीं थी। कुछ दिन पूर्व परिवार की ओर से करीब 14 लाख रुपये कीमत की जमीन भी उन्हें उपहार में दी गई थी।
शनिवार को रवि पत्नी और बच्चे के साथ अतरौलिया क्षेत्र के मड़िया स्थित ससुराल गए थे। रविवार को पत्नी और बच्चे को वहीं छोड़कर वह अकेले घर लौट आए थे। उस समय उनका व्यवहार सामान्य बताया जा रहा था। अचानक हुई इस घटना से परिजन भी हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
रिपोर्ट-बबलू राय