पाइप जाम होने से प्रतापपुर में जलजमाव, नहर विभाग बेपरवाह

शेयर करे

पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नहर विभाग की उदासीनता के चलते प्रतापपुर गांव में जलनिकासी की समस्या गंभीर हो गई है। गांव का पानी बाहर निकालने के लिए नहर के नीचे पाइप डाली गई है। इसके जरिए गांव का पानी नहर के दूसरी तरफ स्थित तालाब में पहुंचता है, लेकिन पाइप जाम होने से जलनिकासी पूरी तरह ठप हो गई है। बारिश का पानी गांव में जमा होकर अब सड़ने लगा है। इससे उठ रही दुर्गंध और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीणों में आक्रोश है।
ग्रामीणों के अनुसार, जलनिकासी के लिए बनाई गई व्यवस्था का उद्देश्य ही गांव को जलभराव से बचाना था, लेकिन पाइप की सफाई और रखरखाव के अभाव में यह व्यवस्था बेकार साबित हो रही है। लगातार पानी जमा रहने से रास्तों और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी फैल रही है। सड़ रहे पानी से उठती दुर्गंध के कारण लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि नहर के नीचे डाली गई पाइप की तत्काल सफाई करा दी जाए तो गांव का पानी आसानी से तालाब में पहुंच सकता है और जलजमाव की समस्या दूर हो सकती है। लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।
प्रतापपुर गांव निवासी मान बहादुर सिंह, अंकित सिंह, हैप्पी सिंह, वशिष्ठ सिंह, दिनेश सिंह, मुन्ना सिंह ने नहर विभाग के अधिकारियों से तत्काल पाइप की सफाई कराकर जलनिकासी बहाल कराने की मांग की है। नहर विभाग के अवर अभियंता राजू राजभर का कहना है कि जाम पाइप लाइन की सफाई कराकर जलजमाव से निजात दिलाया जायेगा।
रिपोर्ट-नरसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *