दुर्घटना को दावत दे रहा खेत में झूल रहा हाईटेंशन तार

शेयर करे

पवई आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बलईपुर फीडर क्षेत्र के लग्गूपुर गांव में खेतों के ऊपर झूल रहा हाईटेंशन विद्युत तार किसानों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। तार जमीन के बेहद नीचे होने के कारण किसानों को अपने खेतों में खेती-किसानी का काम जान जोखिम में डालकर करना पड़ रहा है। हाईटेंशन तार की ऊंचाई कम होने के कारण किसानों में हर समय करंट की चपेट में आने का भय बना रहता है।
किसानों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय स्तर पर लापरवाही के चलते किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है। किसानों ने बताया कि यदि खेत में एक विद्युत पोल लगाकर हाईटेंशन तार को पर्याप्त ऊंचाई पर कर दिया जाए तो संभावित दुर्घटना को टाला जा सकता है। इसके बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कराकर हाईटेंशन तार को सुरक्षित ऊंचाई पर कराने की मांग की है।
रिपोर्ट-नरसिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *