मेहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खण्ड के ग्राम सभा कम्हरिया स्थित अनुज इंडियन गैस एजेंसी पर गुरुवार को रसोई गैस की जरूरतों को देखते हुए इंडियन ऑयल की ओर से एक्स्ट्रा लाइट नाउ सिलेंडर की शुरुआत की गई है।
जिले में पहली बार अनुज इंडेन गैस एजेंसी पर इसकी लॉन्चिंग के दौरान इंडियन ऑयल के फील्ड ऑफिसर राहुल प्रजापति ने उपभोक्ताओं को इसकी विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक्स्ट्रा लाइट नाउ सिलेंडर की बुकिंग कराने के करीब तीन घंटे के भीतर इसे उपभोक्ता के घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि इस सिलेंडर को लेने के लिए निर्धारित पहचान प्रमाण पत्र उपलब्ध कराना होगा। इसके बाद उपभोक्ता तत्काल सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। इसकी खासियत यह है कि इसे लेने के लिए सामान्य घरेलू गैस कनेक्शन जैसी प्रक्रिया की बाध्यता नहीं है। साथ ही सिलेंडर की संख्या को लेकर भी कोई निर्धारित सीमा नहीं रखी गई है।
मौजूदा समय में नए घरेलू गैस कनेक्शन को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में एक्स्ट्रा लाइट नाउ सिलेंडर की सुविधा उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें अतिरिक्त गैस की आवश्यकता है या जिनके पास घरेलू गैस कनेक्शन उपलब्ध नहीं है।
एजेंसी संचालक प्रदीप सिंह ने कहा कि क्षेत्र की जनता के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा है और अनुज गैस एजेंसी से इसकी शुरुआत होना खुशी की बात है। एजेंसी मालिक राहुल सिंह ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी ग्राहकों के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर मजीद खान, पंकज सिंह प्रधान, प्रदीप मौर्य, स्वाति सिंह, प्रीति सिंह, साहिल, चंदन सिंह, सत्यम सिंह, कमलेश कुमार, संतोष कुमार, गिरीश गोंड आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी