अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। क्षेत्र के ग्राम खानपुर फतेह निवासी सचिन निषाद ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कनिष्ठ सहायक भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल की है। 5512 पदों के लिए हुई भर्ती में चयन होने की जानकारी मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने सचिन के घर पहुंचकर उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
सामान्य ग्रामीण परिवार से ताल्लुक रखने वाले सचिन ने अभावों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखकर यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता रमेश निषाद और माता उत्पत्ति देवी ने पढ़ाई के दौरान उनका लगातार उत्साहवर्धन किया। बाबा स्व.राजदेव निषाद और चाचा संतोष निषाद, सुभाष व चन्दन ने भी उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सचिन ने प्रारंभिक शिक्षा अतरौलिया स्थित आइडियल चिल्ड्रेन स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद दयानन्द बाल विद्या मंदिर अतरौलिया से जूनियर स्तर की पढ़ाई की। उन्होंने जय बजरंग इंटर कॉलेज रामनगर, अंबेडकरनगर से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। राम अवध पीजी कॉलेज शुक्लबाजार से स्नातक करने के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से एलएलबी की उपाधि हासिल की। सचिन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, बाबा, चाचा और गुरुजनों के आशीर्वाद व मार्गदर्शन को दिया।
सुभाष निषाद, संतराम निषाद, धर्मेंद्र निषाद, रमेश सिंह (रामू), रामवृक्ष निषाद, अरविंद सिंह, मंटू निषाद, रामजीत निषाद आदि ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद