जहरीले सर्प के काटने से पांच साल के मासूम की मौत

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सराय पलटू गांव में बृहस्पतिवार देर रात जहरीले सर्प के काटने से पांच वर्षीय मासूम सिवान यादव की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर है।
बताया गया कि सिवान की मां पूजा यादव करीब दो माह से अपने मायके में रह रही थीं। शुक्रवार को पिता राम प्रसाद यादव बच्चों समेत उन्हें घर लाने वाले थे। इसी बीच शुक्रवार भोर करीब पांच बजे परिजनों को सूचना मिली कि सिवान को किसी जहरीले जंतु ने काट लिया है। सूचना मिलते ही परिजन तत्काल ननिहाल पहुंचे और बच्चे को उपचार के लिए ठेकमा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए लालगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लालगंज अस्पताल पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने सिवान को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और जौनपुर स्थित राजघाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। सिवान अपने माता-पिता राम प्रसाद यादव और पूजा यादव का इकलौता बेटा था। उसकी दो वर्षीय एक बहन भी है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *