आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले टेट उत्तीर्ण शिक्षामित्र उत्थान समिति की ओर से जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टेट पास एवं नान-टेट शिक्षामित्र बहनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपना भाई मानकर रक्षा सूत्र भेजा। कुंवर सिंह उद्यान में बड़ी संख्या में शिक्षामित्र एकत्र हुए और रक्षा सूत्र को लिफाफे में रखकर मुख्य डाकघर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित किया।
जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। शिक्षामित्र बहनों ने मुख्यमंत्री को भाई मानकर रक्षा सूत्र भेजा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री उनकी भावनात्मक पुकार को समझते हुए शिक्षामित्रों के परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सकारात्मक निर्णय लेंगे।
शिक्षामित्र बहनों ने भावुक अपील करते हुए कहा कि यह रक्षा सूत्र उनकी उम्मीद और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के हित में ऐसा निर्णय लिया जाए, जिससे वे अपने परिवार का पालन-पोषण सम्मान के साथ कर सकें। साथ ही मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं प्रदेश के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर सुमन तिवारी, कविता यादव, ममता सिंह, संगीता राय, किरण राय, अनुपमा सिंह, पूनम सिंह, प्रज्ञा सिंह, अवधेश सिंह, अवनीश कुमार, राजेश राय, रमेश चंद्र, बृजपाल आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार