मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अहिरौली गांव में बिजली विभाग ने जो नया ट्रांसफार्मर लगाया था, वह सप्लाई चालू होते ही एक बार फिर धू-धू कर जल गया। ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका होते ही कई घर एक बार फिर अंधेरे में डूब गया है।
अहिरौली गांव में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से आपूर्ति ठप थी। विभागीय टीम ने गांव में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति शुरू कराई थी। लेकिन विभागीय जल्दबाजी और ओवरलोडिंग की जांच किए बिना ही सप्लाई चालू कर देने के कारण नया ट्रांसफार्मर भी धू-धू कर जल गया। सप्लाई ठप होते ही ग्रामीणों का गुस्सा बिजली विभाग के खिलाफ फूट पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग ने बिना किसी लोड टेस्टिंग या मेंटेनेंस के पुराना या घटिया गुणवत्ता का ट्रांसफार्मर लगा दिया था, जो बिजली का लोड संभाल नहीं पाया।
धान की रोपाई और सिंचाई के इस महत्वपूर्ण समय में ट्रांसफार्मर का दोबारा जलना किसानों के लिए बड़ा झटका है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द सही क्षमता और गुणवत्ता का नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति स्थायी रूप से बहाल करने की मांग की है।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी