आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय का तृतीय दीक्षांत समारोह-2026 मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में सम्पन्न हुआ। अध्यक्षता कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने किया। पद्मविभूषण पं. हरि प्रसाद चौरसिया मुख्य अतिथि, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय अतिविशिष्ट अतिथि रहे। समारोह में मानद उपाधि से सम्मानित पटोला शिल्पकार पंकजभाई डूंगरभाई मकवाना भी उपस्थित रहे।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि 74 मेधावियों को 88 पदक, मिले एक बार फिर छात्राओं ने बाजी मारी। पदक वितरण के साथ विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के अंकपत्र एवं उपाधि को डिजीलॉकर में भी समावेशित किया, जिसे डिजिटल सुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि शिक्षा को केवल व्यक्तिगत सफलता का माध्यम न बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने छात्राओं की उपलब्धियों की विशेष सराहना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी डिग्री देना ही नहीं, बल्कि ऐसे युवा तैयार करना है जो ज्ञान, संस्कार और प्रतिभा से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं। विद्यार्थियों को परिवार, समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी संदेश दिया।
कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने स्वागत उद्बोधन एवं विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए कहा कि मसुविवि नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में तेजी से अग्रसर है।
मुख्य अतिथि पद्मविभूषण पं. हरि प्रसाद चौरसिया ने शिक्षा, साधना, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा को सफलता में बदलने के लिए धैर्य और समर्पण आवश्यक है।
अतिविशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालयों से अपेक्षा की कि वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दें, ताकि युवा वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी पहचान बना सकें।
गोद लिए गए 5 गांवों के 24 छात्र-छात्राओं को राज्यपाल ने प्रशस्ति पत्र एवं शैक्षिक किट देकर सम्मानित किया। समारोह में विश्वविद्यालय की अर्धवार्षिक पत्रिका का विमोचन हुआ। साथ ही विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापकों की 6 पुस्तकों का लोकार्पण हुआ। साथ ही 4 शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट-सुबास लाल/ज्ञानेन्द्र कुमार