आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर शनिवार को नेहरू हॉल, कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, स्वाभिमान एवं राष्ट्रधर्म पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके जीवन आदर्शों को वर्तमान समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
पूजा सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन केवल इतिहास नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ संघर्ष का अमर संदेश है। उन्होंने कहा कि आज देश उसी विचारधारा पर आगे बढ़ रहा है, जहां अपराधियों को संरक्षण नहीं बल्कि कठोर दंड दिया जाता है। महाराणा प्रताप ने सिखाया था कि अन्याय के सामने कभी झुको मत। आज मोदी-योगी सरकार उसी स्वाभिमान और साहस के रास्ते पर चल रही है। अगर कहीं बेटियों के साथ अपराध होता है, तो उसे दबाया नहीं जाता, बल्कि तुरंत संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई की जाती है। अपराधी चाहे कितना प्रभावशाली क्यों न हो, उसका स्थान जेल में ही होता है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की जनता अब दो विचारधाराओं का अंतर समझ चुकी है। नारी सशक्तिकरण केवल मंचों पर भाषण देने से नहीं आता, बल्कि कठोर प्रशासनिक इच्छाशक्ति और जमीनी कार्रवाई से आता है।
अंत में पूजा सिंह ने कहा कि राणा का मेवाड़ कभी झुका नहीं था, और मोदी का भारत अब रुकेगा नहीं। बेटियों की तरफ बुरी नजर डालने वालों को कानून मिट्टी में मिला देगा। यही नया भारत है, जहां मातृशक्ति सर्वाेपरि हैं।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार