लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवां निवासी एवं अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण सभा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र तिवारी ‘कुंदन’ के पिता देवेन्द्र तिवारी के निधन पर उनके निजी आवास पर शोकसभा आयोजित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
एमएलसी प्रतिनिधि स्नातक आजमगढ़ अनुराग तिवारी ने बताया कि 89 वर्षीय देवेन्द्र तिवारी पिछले नौ माह से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। उनका उपचार दिल्ली के वेंकटेश्वर हॉस्पिटल में चल रहा था। चार मई को उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया, जहां प्रधानमंत्री की विशेष सुरक्षा इकाई में कार्यरत उनके छोटे पुत्र विजय शंकर तिवारी ने मुखाग्नि दी।
शोकसभा की अध्यक्षता श्रमिक नेता प्रभु नारायण पांडेय ‘प्रेमी’ तथा संचालन अनुराग तिवारी ने किया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर प्रदीप तिवारी ‘बबलू’, राममणि तिवारी, सत्यदेव तिवारी, अशोक तिवारी, पप्पू उपाध्याय, महंत संजय दास, संजय पांडेय, मिथिलेश तिवारी, उपेंद्र दुबे, कन्हैया पांडेय, झबलू तिवारी, गुड्डू तिवारी आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद