बिलरियागंज में ताल की जमीन पर अवैध कब्जा, कार्रवाई टली

शेयर करे

बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के नगवा मैदो ग्राम पंचायत अंतर्गत बालमपट्टी भैंसहा में सार्वजनिक ताल की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्राम प्रधान लक्ष्मीना जायसवाल की शिकायत के बाद प्रशासन हरकत में आया और रविवार को मौके पर पहुंचा, लेकिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हो सकी।
ग्राम प्रधान ने उपजिलाधिकारी सगड़ी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर कुछ लोग अवैध कब्जा कर रहे हैं। उन्होंने भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा हटवाने की मांग की थी।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम रविवार को भैंसहा बालमपट्टी ताल पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर बिलरियागंज थाने से दो उपनिरीक्षकों के साथ भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण और गहमागहमी भरा हो गया।
हालांकि, राजस्व टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं कर सकी और शाम तक बिना कार्रवाई लौट गई। ग्राम प्रधान के अनुसार, संबंधित लोगों को एक सप्ताह के भीतर जमीन खाली करने की चेतावनी दी गई है।
इस मामले में राजस्व विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी से बात नहीं हो सकी। अब स्थानीय लोगों की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *