आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आवाहन पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर धरने का आयोजन किया गया। अध्यक्षता करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष बृजेश राय ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली होनी चाहिए। पुरानी पेंशन भीख नहीं हमारा अधिकार है।
उन्होंने कहा कि एनपीएस से जीपीएफ में सम्मिलित हुए शिक्षकों के एनपीएस कटौती की धन राशि जीपीएफ खाते में जमा नहीं हो रही है जो विगत दो माह से लंबित है। इसमें कार्यालय की उदासीनता साफ दिखाई पड़ रही है जनपद के शिक्षकों के चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान से संबंधित प्रक्रियाओं का निस्तारण समय से नहीं हो पा रहा है। अवकाश प्राप्त शिक्षकों की लंबित देयकांे के भुगतान भी समय पर नहीं हो रहे हैं जो कार्यालय की निष्क्रियता को दर्शाता है।
संचालन कर रहे संगठन के जिला मंत्री विजय कुमार सिंह ने कहा कि हमारी मांग है कि पेंशन की कटौती के साथ ही एनपीएस की भी कटौती की जाए तथा शिक्षकों के विभिन्न प्रकार के अवशेषों का भुगतान भी समय से नहीं हो पा रहा है जिसके लिए कार्यालय जिम्मेदार है। धरने के अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से प्रेषित किया गया।
इस मौके पर इंद्रासन सिंह, दिवाकर तिवारी, मुन्नू यादव, अवधेश त्रिपाठी, प्रभाकर राय, कमलेश राय, सर्वेश्वर पांडेय, परशुराम यादव, संतोष कुमार, राजेश भारती, सुनील यादव, प्रदीप यादव, रिजवान अहमद, ऋषिकेश मिश्रा, आलोक सिंह, हरिनारायण मिश्रा, प्रदीप यादव, प्रमोद राय, राजेश राय ,दिवाकर राम, गोपाल गुप्ता आदि उपस्थित थे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार