लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भयंकर तूफान और बारिश के बाद जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। कई स्थान पर रास्ते बाधित हुए तो वहीं कई स्थान की बिजली सप्लाई 24 घंटे के बाद भी बहाल नहीं हो सकी है। बसही इकबालपुर में आंधी पानी के बाद से बिजली सप्लाई 24 घंटे के बाद भी समाचार लिखे जाने तक बहाल नहीं हो सकी है जिससे लोगों को टंकी में पानी चढ़ाने से लेकर मोबाइल चार्ज करने तक काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। 24 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी विभाग के लोग इसे दुरुस्त नहीं कर सके हैं जिससे लोगों में आक्रोश दिखाई दे रहा है।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के सिधौना सहित आसपास के कई इलाकों में बुधवार शाम अचानक मौसम का मिजाज बदलने तथा तेज आंधी और घनघोर बारिश से भीषण गर्मी से राहत तो मिली लेकिन कई स्थानों पर पेड़ गिरने, बिजली के खंभे और तार टूटने से जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज हवा के चलते कई जगह पेड़ों की डालियां और पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे आवागमन बाधित रहा।
आंधी-तूफान के दौरान कई बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद