स्वास्थ्य केंद्रों पर पेयजल संकट, हैंडपंप लगाने की मांग

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर तथा इसके अंतर्गत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पेयजल की गंभीर समस्या सामने आई है। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक ने खंड विकास अधिकारी को पत्र भेजकर तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।
पत्र के अनुसार सीएचसी फूलपुर के साथ-साथ राजापुर, पल्थी, पुष्पनगर एवं कुशलगांव स्थित स्वास्थ्य केंद्रों पर आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। गर्मी के बढ़ते प्रकोप में यह समस्या और गंभीर हो गई है, जिससे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अधीक्षक ने पत्र में बताया कि इन स्वास्थ्य केंद्रों पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बीडीओ से अनुरोध किया है कि संबंधित केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यकता अनुसार हैंडपंप लगवाने की कार्रवाई शीघ्र कराई जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके। बीडीओ फूलचंद सरोज ने सीएचसी प्रभारी के पत्र का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ सहायक को निर्देशित किया है कि सचिवों को पत्र जारी कर पेयजल की व्यवस्था कराएं।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *