सिंगल सड़क पर अतिक्रमण से रोज लगता है जाम

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिकरौरा गांव से होकर देवगांव-ज्यूली मुख्य मार्ग को जोड़ने वाली सिंगल पिच सड़क इन दिनों अव्यवस्था का शिकार है। आयेदिन जाम लगने से आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार इस संकरे मार्ग से स्कूल बसें, ऑटो रिक्शा, छोटी गाड़ियां और ट्रैक्टर लगातार गुजरते हैं। सड़क के एक तरफ नहर है, जबकि दूसरी ओर खेत हैं। वहीं कुछ लोगों ने अपने मकानों के पास ईंट, पत्थर, लकड़ी और पुआल आदि रखकर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे सड़क और संकरी हो गई है। इसके चलते वाहनों का आवागमन प्रभावित रहता है और अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। स्थिति यह है कि कई बार स्कूली वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे बच्चों को देर तक इंतजार करना पड़ता है और उनकी सुरक्षा पर भी खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को जल्द हटाया जाए और सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए पटरी का निर्माण कराया जाए, ताकि जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *