अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के केसरी चौक पर बुधवार सायं भाजपा युवा मोर्चा के नेतृत्व में महिला आरक्षण बिल के समर्थन में प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंककर विरोध जताया और जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष लालगंज पुष्कर मिश्र ने किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं को राजनीतिक मुख्यधारा में सशक्त भागीदारी देने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। विपक्षी दलों ने इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर अपनी सोच स्पष्ट कर दी है।
जिला कार्य समिति सदस्य चंद्रकला निषाद ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर सपा और कांग्रेस का रुख दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनावों में विपक्ष को सबक सिखाने का संकल्प भी दोहराया। सुरक्षा के मद्देनजर उपनिरीक्षक पवन कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे।
इस मौके पर रमेश सिंह, जयकिशन पांडेय, धर्मेंद्र निषाद, वीरेंद्र निषाद, जय प्रकाश पांडेय, राजेश सोनकर, राम आसरे सोनकर, रिंकू देवी, तारा सोनकर, सुमन सोनकर, जयमूर्ति निषाद, दीपक सिंह, प्रेम सागर मोदनवाल आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद