आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रो. बजरंग त्रिपाठी सैनिक स्कूल आज़मगढ़ में प्रथम शैक्षणिक सत्र के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कार्यवाही प्रारम्भ कर दी गई है। यह संस्थान भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय द्वारा अनुमोदित, सैनिक स्कूल सोसायटी से संबद्ध तथा एआईसीसीइडीएस पीपीपी मोड में संचालित’ किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय के निदेशक डॉ. सुबोध कांत ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र सेवा की भावना से परिपूर्ण बनाना है, ताकि वे भविष्य में सशस्त्र बलों सहित विभिन्न राष्ट्रीय सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में प्रवेश हेतु काउंसलिंग प्रक्रिया आगामी 4 अप्रैल से प्रारम्भ होगी। इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों को प्रवेश से संबंधित औपचारिकताओं, आवश्यक दस्तावेजों तथा आगामी प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
यह पूर्वांचल क्षेत्र के लिए अत्यंत गौरव की बात है कि आज़मगढ़ में सैनिक स्कूल प्रणाली के अंतर्गत इस प्रकार का संस्थान प्रारम्भ हो रहा है, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब राष्ट्रीय स्तर की सैन्य-प्रेरित शिक्षा अपने ही क्षेत्र में प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे पूर्वांचल के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को देश सेवा और सशस्त्र बलों में करियर बनाने के लिए एक मजबूत मंच प्राप्त होगा।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार