कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। शनिवार शाम करीब सात बजे तीन अज्ञात युवक बाइक से भवानी पट्टी गांव स्थित एक घर पर मिठाई का डिब्बा लेकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पिंटू कुमार और उनके 13 वर्षीय पुत्र दीपक को लड्डू खिलाया। लड्डू खाने के कुछ ही देर बाद पिंटू कुमार की हालत बिगड़ गई और वे अचेत हो गए। पिंटू कुमार के चचेरे भाई रामबाबू ने बताया कि पिंटू का मानसिक संतुलन पहले से ठीक नहीं था, इसी कारण उन्होंने बिना किसी संदेह के मिठाई खा ली। हालत बिगड़ते देख आसपास के लोग मौके पर जुट गए और कप्तानगंज थाने को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जयप्रकाश मौके पर पहुंचे और मामले की निगरानी शुरू की। पिंटू कुमार को एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर भेजा गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर के अधीक्षक देवानंद यादव ने बताया कि मरीज की हालत नाजुक बनी हुई है।
थाना अध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि जिस लड्डू को खाया गया था, उसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से सैंपल एकत्र किए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मिठाई में कोई जहरीला पदार्थ मिला था या नहीं।
रिपोर्ट-विजय कुमार