आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। लंबित मांगों को लेकर प्रदेश भर में चल रहे धरने के क्रम में जनपद में इलेक्ट्रिक एंड मैकेनिकल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ सिंचाई विभाग ने दूसरे दिन भी बुधवार को मंडल अध्यक्ष योगेन्द्र यादव के संचालन में अधिशासी अभियन्ता नलकूप खण्ड कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन कर अधिकारियों की अनदेखी पर नाराज़गी व्यक्त की।
जिलाध्यक्ष इंजीनियर विनय कुमार सिंह ने बताया कि शीर्ष नेतृत्व के आह्वाहन पर लंबित मांगों को लेकर दो दिवसीय ध्यानाकर्षण प्रदर्शन किया गया। विभाग लंबे समय से कर्मचारियों की सेवा संबंधी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है, जिससे इंजीनियरों में भारी रोष व्याप्त है। संगठन की मांग है कि जूनियर इंजीनियरों के स्थायीकरण व वरिष्ठता सूची का प्रकाशन, वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की रिक्तियों के सापेक्ष सहायक अभियंता पद पर पदोन्नति, वर्ष 2015 में लोक सेवा आयोग से चयनित इंजीनियरों को प्रथम एवं द्वितीय एसीपी का लाभ, सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित देयों का भुगतान, जूनियर इंजीनियरों के मध्य कार्यों का समान वितरण तथा नियम विरुद्ध कार्य कराए जाने पर रोक शामिल है। मध्य सत्र में जूनियर इंजीनियरों का पटल परिवर्तन, गोपनीय चरित्र पंजियों का मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड न होना, खंडों में फास्ट मूविंग पार्ट्स एवं वाहनों की कमी, अनुरक्षण एवं मरम्मत मद की धनराशि का अन्य मदों में व्यय किए जाने जैसी समस्याएं वर्षों से लंबित हैं। इसके कारण नलकूपों का रखरखाव प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही हमारी समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो आगे बृहद स्तर पर आंदोलन करेंगे। इस दौरान परशुराम मौर्य, दिग्विजयनाथ मौर्य, मोहित यादव, धर्मेंद्र चौहान, ओम प्रकाश यादव, प्रवीण श्रीवास्तव, विजय प्रताप बड़ी संख्या में इंजीनियर उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार