झमाझम बारिश से खिले किसानों के चेहरे

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिले में बुधवार हुई झमाझम बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे वहीं जगह-जगह जल जमाव होने से नगरों की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गयी।
बुधवार से रूक-रूक कर तेज गरज और आकाशीय बिजली से शुरू हुई बारिश से धान की फसल को काफी फायदा हुआ जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे। नगर में कई स्थानों पर जलजमाव व कीचड़ होने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाईयों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जाम नालियों ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। नगर के रैदोपुर, ई-टाइप कालोनी, कोलघाट, सिधारी आदि जगहों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में बुधवार की रात लगातार हुई झमाझम बारिश ने जहां तबाही मचाई वहीं बिजली की चमक ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। रात से ही क्षेत्र में बिजली गुल है जिसकी वजह से लोगों के पीने का पानी तथा मोबाइल चार्जिंग की व्यवस्था नहीं हो पायी। वैसे तो बारिश धान की फसलों के लिए वरदान साबित हुई लेकिन गन्ने की फसल गिरने से किसानों को भारी नुकसान हुआ। पूरी रात लगातार बारिश हुई जिसके चलते जगह-जगह जल जमाव की स्थिति बनी रही। अतरौलिया नगर पंचायत के कई वार्डों में जलभराव होने से जनजीवन प्रभावित हुआ। कई वार्डों में बारिश का पानी लोगों के घरों में पहुंच गया जिसके चलते लोगों का काफी नुकसान हुआ। बिजली चमकने की वजह से कई घरों में लगे इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक सामानों की क्षति हुई। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे द्वारा निर्मित नन्दना अंडर पास में पूरी तरह से जलभराव हुआ है जिसके चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलाशयों में पानी भर गया। बारिश के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *